केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया
06/09 /2024 (शब्द) सुनील शर्मा
“शिवराज सिंह चौहान अजीत सिंह नगर और अंबापुरम का हवाई निरीक्षण किया”
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान दो दिवसीय दौरे पर आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के दौरे पर हैं। गुरुवार को उन्होंने विजयवाड़ा में बुडामेरू कैचमेंट, जलमग्न क्षेत्र, जक्कमपुडी मिल्क फैक्ट्री, कंद्रिका, अजीत सिंह नगर और अंबापुरम का हवाई निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने कृष्णा नदी पर बने प्रकाशम बैराज डैम और खेतों की स्थिति का भी जायजा लिया जो भारी बारिश से क्षतिग्रस्त हुए हैं।
केंद्रीय मंत्री ने बाढ़ से प्रभावित लोगों और किसानों से भी मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने बताया कि स्थिति को सामान्य बनाने और पीड़ितों को राहत प्रदान करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें लगातार काम कर रही हैं। विजयवाड़ा के जक्कमपुडी में उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करने के लिए लाइफ बोट का उपयोग किया और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम और स्थानीय अधिकारियों से जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने बोट छोड़कर सीधे पानी में उतरकर स्थानीय लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं।
केंद्रीय ने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार बाढ़ की स्थिति पर पूरी निगरानी रख रही है और संकट के इस समय में आंध्र प्रदेश और तेलंगाना की जनता के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा ही उनका प्रमुख उद्देश्य है और बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
