पीएम मोदी का लाल किले से संबोधन — अनुच्छेद 370 हटाकर अपनाया ‘एक राष्ट्र-एक संविधान’ का संकल्प

पीएम मोदी का लाल किले से संबोधन

“भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से अपना 12वां स्वतंत्रता दिवस भाषण दिया। यह लगातार संबोधनों के मामले में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के रिकॉर्ड (11) से अधिक है। “


अनुच्छेद 370 हटाना — ‘एक राष्ट्र, एक संविधान’ का प्रतीक

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने अनुच्छेद 370 को हटाने को ‘एक राष्ट्र, एक संविधान’ की ऐतिहासिक स्थापना बताया। उन्होंने कहा कि यह कदम देश के संविधान के लिए बलिदान देने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को सच्ची श्रद्धांजलि है। डॉ. मुखर्जी की 125वीं जयंती का उल्लेख करते हुए पीएम ने कहा,

“वे पहले व्यक्ति थे जिन्होंने संविधान के लिए अपने प्राण दिए।”


देश का प्रतिनिधित्व करता ‘लघु भारत’

पीएम मोदी ने कहा कि आज लाल किले में उन्हें ‘लघु भारत’ नजर आ रहा है। यहां दूरदराज गांवों के पंचायत सदस्य, ‘ड्रोन दीदी’, ‘लखपति दीदी’, खेल जगत के प्रतिनिधि और विभिन्न क्षेत्रों में देश को योगदान देने वाले लोग मौजूद हैं। तकनीक के माध्यम से लाल किला पूरे भारत से जुड़ा है।


तिरंगे के रंग में रंगा देश

उन्होंने कहा कि आज 140 करोड़ भारतीय तिरंगे के रंग में रंगे हैं। चाहे रेगिस्तान हो, हिमालय की चोटियां, समुद्री तट हों या बड़े शहर — हर जगह देशभक्ति के गीत और नारे गूंज रहे हैं।


‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जश्न

इस वर्ष के स्वतंत्रता दिवस समारोह में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता को भी विशेष रूप से मनाया जा रहा है। लाल किले पर करीब 5,000 विशेष अतिथि मौजूद थे, जिनमें स्पेशल ओलंपिक्स 2025 के भारतीय दल, अंतरराष्ट्रीय खेल विजेता, खेलो इंडिया पैरा गेम्स के गोल्ड मेडलिस्ट और राष्ट्रीय मधुमक्खी पालन एवं शहद मिशन के तहत प्रशिक्षित किसान शामिल थे।


पहली बार शाम का बैंड प्रदर्शन

देशभर में पहली बार स्वतंत्रता दिवस की शाम को बैंड प्रदर्शन आयोजित किए जा रहे हैं। सेना, नौसेना, वायु सेना, कोस्ट गार्ड, एनसीसी और अर्धसैनिक बलों के बैंड 140 से अधिक प्रमुख स्थानों पर देशभक्ति की धुनें बजाएंगे। इस पहल का उद्देश्य देशभर में उत्साह और एकता की भावना को और मजबूत करना है।

Please Read and Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *