चंडीगढ़ स्थित CSIR-इंस्टीट्यूट ऑफ माइक्रोबियल टेक्नोलॉजी (IMTech) को स्थापना के 42 साल बाद पहली महिला निदेशक मिली हैं। वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अलका राव ने संस्थान की पूर्णकालिक निदेशक के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। उनकी नियुक्ति भारतीय वैज्ञानिक समुदाय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। दो दशक से अधिक के शोध अनुभव रखने वाली डॉ. अलका राव इससे पहले भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) में विज्ञान, मानक एवं विनियमन प्रभाग की सलाहकार के रूप में कार्यरत थीं। वहां उन्होंने खाद्य सुरक्षा, वैज्ञानिक मानकों और अंतरराष्ट्रीय नीतियों से जुड़े कई अहम कार्यक्रमों का नेतृत्व किया। प्रोटीन इंजीनियर और मॉलिक्यूलर माइक्रोबायोलॉजिस्ट के रूप में पहचान बनाने वाली डॉ. अलका राव ने वैश्विक स्तर पर भी भारत का प्रतिनिधित्व किया है।
उन्होंने कोडेक्स एलीमेंटेरियस कार्यकारी समिति में 24 एशियाई देशों का दो बार प्रतिनिधित्व किया। साथ ही वह WTO से जुड़े सैनिटरी एवं फाइटोसैनिटरी मामलों के लिए भारत की राष्ट्रीय संपर्क अधिकारी भी रह चुकी हैं। CSIR-IMTech में उनके शोध समूह ने दुर्लभ बैक्टीरियल ग्लाइकोएंजाइम की खोज और नई एंजाइमिक तकनीकों के विकास में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उनके नाम 60 से अधिक शोध पत्र और 15 से ज्यादा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पेटेंट दर्ज हैं। वर्ष 2023 में डॉ. अलका राव को CSIR के प्रतिष्ठित ‘वूमेन साइंटिस्ट अचीवर’ सम्मान से भी नवाजा गया था। विज्ञान शिक्षा को समावेशी बनाने के लिए वह भारतीय सांकेतिक भाषा आधारित वर्चुअल लैब परियोजना का नेतृत्व भी कर रही हैं।वैज्ञानिक अनुसंधान, नीति निर्माण और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का उनका अनुभव CSIR-IMTech को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि उनके नेतृत्व में संस्थान वैश्विक शोध सहयोग और नवाचार के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
FAQ
Q1. डॉ. अलका राव कौन हैं?
डॉ. अलका राव एक वरिष्ठ भारतीय वैज्ञानिक, प्रोटीन इंजीनियर और मॉलिक्यूलर माइक्रोबायोलॉजिस्ट हैं।
Q2. डॉ. अलका राव को कौन सा नया पद मिला है?
उन्हें CSIR-IMTech, चंडीगढ़ की पहली महिला पूर्णकालिक निदेशक नियुक्त किया गया है।
Q3. डॉ. अलका राव की प्रमुख उपलब्धियां क्या हैं?
उनके नाम 60 से अधिक शोध पत्र, 15 से ज्यादा पेटेंट और कई अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक मंचों |
Q4. CSIR-IMTech क्या है?
CSIR-IMTech भारत का प्रमुख माइक्रोबियल विज्ञान और जैव प्रौद्योगिकी अनुसंधान संस्थान है।
