NDMC Jantar Mantar Clean-up :– दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP प्रदर्शन समाप्त होने के बाद नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC) ने बड़े स्तर पर सफाई अभियान शुरू कर दिया है। प्रदर्शन स्थल और आसपास की सड़कों, दीवारों तथा सार्वजनिक स्थानों की सफाई के लिए 100 से अधिक सफाईकर्मियों, भारी वाहनों और आधुनिक मशीनों को लगाया गया है।
एनडीएमसी के अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान जमा हुए भारी मात्रा में कचरे को हटाने के लिए पूरी रात अभियान चलाया गया। सड़क धुलाई, दीवारों की सफाई, पेंटिंग और क्षतिग्रस्त सार्वजनिक स्थानों की मरम्मत का कार्य भी किया जा रहा है। अब तक दर्जनों टन कचरा हटाया जा चुका है और अभियान लगातार जारी है।
सफाई अभियान के साथ-साथ जंतर-मंतर और आसपास के हरित क्षेत्रों को भी दुरुस्त किया जा रहा है। एनडीएमसी का कहना है कि पौधों और लॉन की मरम्मत तथा हरियाली को पूरी तरह सामान्य स्थिति में लाने में करीब 24 घंटे का अतिरिक्त समय लग सकता है। अधिकारियों ने बताया कि अभियान पूरा होने के बाद जंतर-मंतर और आसपास का क्षेत्र पूरी तरह सामान्य कर दिया जाएगा, ताकि आम नागरिकों और पर्यटकों को किसी तरह की असुविधा न हो।