राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अल्जीरिया, मॉरिटानिया और मलावी की यात्रा पर होंगी रवाना

“राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु रविवार से अल्जीरिया, मॉरिटानिया और मलावी की यात्रा पर रवाना होंगी। इस यात्रा से देशों के बीच संबंध मजबूत होंगे”

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु रविवार को अल्जीरिया, मॉरिटानिया और मलावी की सात दिन की राजकीय यात्रा पर रवाना होंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु यात्रा के पहले चरण में 13 से 15 अक्टूबर तक अल्जीरिया में रहेंगी। यात्रा के दौरान राष्ट्रपति मुर्मु अल्‍जीरिया के राष्‍ट्रपति के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। राष्ट्रपति भारत-अल्जीरिया आर्थिक मंच और सिदी अब्देल्ला विज्ञान और प्रौद्योगिकी पोल विश्वविद्यालय को संबोधित करेंगी। भारत और अल्जीरिया के बीच तेल और गैस, रक्षा तथा अंतरिक्ष सहयोग जैसे महत्‍वपूर्ण क्षेत्रों में सौहार्दपूर्ण संबंध हैं। 

यात्रा के दूसरे चरण में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 16 अक्टूबर को मॉरिटानिया जाएंगी। मॉरिटानिया अफ्रीकी संघ का अध्यक्ष है। यात्रा के दौरान, राष्ट्रपति मॉरिटानिया के राष्ट्रपति मोहम्मद औलद शेख अल ग़ज़ौनी के साथ बातचीत करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मु भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी बातचीत करेंगी। इस यात्रा से भारत-मॉरिटानिया के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और गति मिलेगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु यात्रा के अंतिम चरण में 17 से 19 अक्टूबर तक मलावी में रहेंगी। यात्रा के दौरान, राष्ट्रपति मुर्मु मलावी के राष्‍ट्रपति लाजर मैक्कार्थी चकवेरा के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगी। राष्‍ट्रपति व्यापार और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और भारतीय प्रवासियों के साथ बातचीत भी करेंगी। 

विदेश मंत्रालय में आर्थिक संबंध सचिव दम्मू रवि ने आज नई दिल्ली में कहा कि भारत अफ्रीका के साथ एक मजबूत संबंध चाहता है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भारत की अध्यक्षता में अफ्रीकी संघ के जी-20 सदस्य बनने के बाद राष्‍ट्रपति की यह यात्रा हो रही है। श्री रवि ने कहा कि 54 देशों वाला अफ्रीका ग्‍लोबल साउथ का केंद्र है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्‍लोबल साउथ एजेंडे को आगे बढ़ाने में विशेष रुचि ली है। श्री रवि ने कहा कि अफ्रीका के साथ साझेदारी हमारे देश और ग्‍लोबल साउथ के विकास के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि भारत और अफ्रीका के बीच आर्थिक साझेदारी बढ़ रही है। श्री रवि ने कहा कि दोनो देशों के बीच आपसी व्यापार लगभग 100 अरब डॉलर सालाना है।

 

Please Read and Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *