मिथुन चक्रवर्ती को मिलेगा दादा साहब फालके लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार

“दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को वर्ष 2022 का दादा साहब फालके लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार दिया जाएगा। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह घोषणा की। मिथुन चक्रवर्ती ने अपने परिवार और प्रशंसकों को यह पुरस्कार समर्पित किया”

दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को वर्ष 2022 के दादा साहब फालके लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज भारतीय सिनेमा में उनके उल्लेखनीय योगदान के सम्मान में इस पुरस्कार की घोषणा की। 

इस पुरस्कार की घोषणा पर दादा साहब फालके पुरस्कार से सम्मानित होने की घोषणा पर अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने इस पुरस्कार अपने परिवार और प्रशंसकों को समर्पित किया। 

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अभिनेता को दादा साहब फालके पुरस्कार देने की घोषणा पर खुशी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा- खुशी है कि श्री मिथुन चक्रवर्ती जी को भारतीय सिनेमा में उनके अद्वितीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित दादा साहब फालके पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा है। वह एक कल्चरल आइकन हैं,  जिन्हें उनकी बहुमुखी प्रतिभा के लिए पीढ़ियों से सराहा जाता रहा है। उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं। 

मिथुन चक्रवर्ती, जिन्हें मिथुन दा के नाम से भी जाना जाता है, ने अपनी बहुमुखी भूमिकाओं और अद्वितीय नृत्य शैली से फिल्मी दुनिया में अमिट छाप छोड़ी है। पश्चिम बंगाल के कोलकाता में 16 जून 1950 को जन्मे मिथुन ने अपनी पहली फिल्म “मृगया” के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीता। 

1980 के दशक में “डिस्को डांसर” ने उन्हें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध बना दिया। मिथुन ने 350 से अधिक फिल्मों में काम किया है और विभिन्न भारतीय भाषाओं में अभिनय किया है। उन्हें तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और पद्म भूषण से भी सम्मानित किया गया है।

Please Read and Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *