मोदीमय हुआ अमेरिका: गरबा की धूम के साथ पीएम मोदी का भव्य स्वागत

“पीएम मोदी अमेरिका यात्रा पर पहुंचे, जहां भारतीय समुदाय ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने विलमिंगटन में प्रवासियों से मुलाकात की। इस दौरान “मोदी-मोदी” के नारे गूंजते रहे”

21 / 09 / 2024 (पि बी शब्द) द्वारा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका की तीन दिवसीय यात्रा के पहले चरण में फिलाडेल्फिया पहुंचे। एयरपोर्ट से विलमिंगटन में स्थित होटल डुपोंट पहुंचने पर भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। यहां सैकड़ों की संख्या में लोग पीएम मोदी से मिलने के लिए मौजूद थे। महिलाओं ने उनके स्वागत में गरबा प्रस्तुत किया, जबकि “मोदी-मोदी” के नारे गूंजते रहे।

फिलाडेल्फिया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी प्रवासी भारतीयों ने पीएम मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया, जहां उन्होंने हाथ हिलाकर अपने समर्थकों का अभिवादन किया।

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने एक्स प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए कहा कि वे अपने गृहनगर डेलावेयर में प्रधानमंत्री मोदी, अल्बानीज और किशिदा का स्वागत करेंगे। बाइडन ने इस बात पर जोर दिया कि ये नेता भारत-प्रशांत क्षेत्र के खुले और स्वतंत्र पक्ष का समर्थन करते हैं और वे मेरे और राष्ट्र के मित्र हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि शिखर सम्मेलन में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की जाएंगी।

तीन दिवसीय यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी कई उच्च स्तरीय बैठकों और कार्यक्रमों में भाग लेंगे। पीएम मोदी 21 सितंबर को क्वाड समूह की बैठक में शामिल होंगे, जो राष्ट्रपति जो बाइडेन के गृहनगर डेलावेयर में आयोजित की जा रही है।

प्रधानमंत्री कल न्यूयॉर्क जाएंगे, जहां वे भारतीय समुदाय के सदस्यों से संवाद करेंगे और अमेरिका की प्रमुख कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। यात्रा के अंतिम दिन, 23 सितंबर को, मोदी संयुक्त राष्ट्र महासभा में ‘भविष्य के शिखर सम्मेलन’ को संबोधित करेंगे।

पीएम मोदी की यात्रा का उद्देश्य भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करना है। आज, उनकी जो बाइडेन से महत्वपूर्ण बैठक भी होगी, जिसमें विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

 

Please Read and Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *