International news :- नई दिल्ली। भारत सरकार ने वेनेजुएला में भारतीय नाविक राकेश चौहान की मौत के बाद उनके शव के साथ कथित छेड़छाड़ और अंग निकाले जाने के आरोपों पर गहरी चिंता जताई है। भारत ने वेनेजुएला के अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष, विस्तृत और शीघ्र जांच कराने की मांग की है।
काराकस स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि मामले की जानकारी मिलते ही दूतावास ने स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के समक्ष इस मुद्दे को उठाया है। दूतावास लगातार मामले की निगरानी कर रहा है और पीड़ित परिवार को हर संभव कांसुलर सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत चाहता है कि मौत के कारणों, शव के पोस्टमार्टम और कथित अंग निकाले जाने से जुड़े सभी पहलुओं की पारदर्शी जांच की जाए। साथ ही दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
यह मामला सामने आने के बाद भारत और वेनेजुएला के अधिकारियों के बीच लगातार संपर्क बना हुआ है। भारतीय दूतावास ने भरोसा दिलाया है कि जांच पूरी होने तक वह मामले को गंभीरता से उठाता रहेगा और परिवार को हर आवश्यक सहायता प्रदान करेगा।
फिलहाल वेनेजुएला के अधिकारियों की विस्तृत जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि अपने नागरिकों की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।