Earthquake in Maharashtra :– महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच गुरुवार तड़के मराठवाड़ा क्षेत्र के कई जिलों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। नांदेड़, हिंगोली और परभणी जिलों में लोगों ने कंपन महसूस होने के बाद एहतियातन अपने घरों से बाहर निकलना शुरू कर दिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 3.6 से 4.6 के बीच दर्ज की गई।
भूकंप ऐसे समय आया है जब महाराष्ट्र के कई हिस्से लगातार मूसलाधार बारिश और जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। भूकंप के झटकों के कारण लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
Maharashtra new rules :- महाराष्ट्र में टैक्सी और ऑटो चालकों के लिए मराठी भाषा परीक्षा अनिवार्य, नियम नहीं मानने पर लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी
स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है और नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
उधर, मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी कर रखी है। लगातार बारिश के कारण कई जिलों में जलभराव, भूस्खलन और यातायात प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की है।
विशेषज्ञों का कहना है कि भूकंप और भारी वर्षा का आपस में प्रत्यक्ष संबंध स्थापित नहीं किया जा सकता, लेकिन दोनों परिस्थितियों में नागरिकों को सतर्क रहना और आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करना चाहिए।