India First Hydrogen Train :- भारत की पहली हाइड्रोजन ईंधन (Hydrogen Fuel Cell) से चलने वाली ट्रेन ने संचालन शुरू होने के बाद पहले पांच दिनों में लगभग 900 किलोमीटर का सफर पूरा कर लिया है। यह ट्रेन हरियाणा के जींद–सोनीपत रेल मार्ग पर चल रही है और स्वच्छ ऊर्जा आधारित रेल परिवहन की दिशा में भारतीय रेलवे की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
हाइड्रोजन ट्रेन डीजल या बिजली के बजाय हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक से चलती है। इसमें हाइड्रोजन और ऑक्सीजन की रासायनिक प्रक्रिया से बिजली बनती है, जिससे ट्रेन संचालित होती है। इस प्रक्रिया में कार्बन उत्सर्जन नहीं होता और केवल जलवाष्प (Water Vapour) निकलती है, जिससे यह पर्यावरण के लिए बेहद अनुकूल मानी जाती है।
यह ट्रेन जींद–सोनीपत रूट पर यात्रियों को सेवा दे रही है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें यात्रा का किराया भी आम यात्रियों की पहुंच में रखा गया है। न्यूनतम किराया ₹5 और अधिकतम ₹25 निर्धारित किया गया है, जो दूरी के अनुसार लिया जाएगा।
भारतीय रेलवे का लक्ष्य भविष्य में ऐसे और हाइड्रोजन ट्रेनों का संचालन कर प्रदूषण कम करना और हरित परिवहन को बढ़ावा देना है। इस परियोजना को भारत की स्वच्छ ऊर्जा और आत्मनिर्भर रेल तकनीक की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।