अपने खर्चे पर खेली राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं, अब खो-खो वर्ल्ड कप के ट्रेनिंग कैंप के लिए हुआ चयन

“किसी भी खिलाड़ी के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना एक सपना होता है। ऐसा ही सपना पूरा हुआ है एक युवा खो-खो खिलाड़ी का, जिसने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपनी लगन और मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है।”

मंडी: हिमाचल प्रदेश सहित मंडी जिला के लिए गौरव का क्षण है। मंडी जिला के सुदंरनगर से संबंध रखने वाले राष्ट्रीय खिलाड़ी हंसराज का खो-खो वर्ल्ड कप का हिस्सा बनने वाली राष्ट्रीय टीम के प्रशिक्षण शिविर के लिए चयन हुआ है। हंसराज इस प्रशिक्षण शिविर में 60 खिलाड़ियों में हिमाचल से भाग लेने वाला एकमात्र खिलाड़ी है।

राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतिस्पर्धाओं में हिमाचल का प्रतिनिधित्व कर चुके हंसराज ने दिन-रात कड़ी मेहनत कर टॉप 60 खिलाड़ियों में अपनी जगह बनाई है।

इन दिनों हंसराज खो-खो भारतीय टीम के 15 खिलाड़ियों में अपनी जगह बनाने के लिए पिछले एक महीने से दिल्ली जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में खूब पसीना बहा रहा है। खो-खो का यह वर्ल्ड कप इसी साल आयोजित किया जाएगा।

खो-खो वर्ल्ड कप आर्ग्रेनाजिंग कमेटी के चेयरमैन सुधांशु मित्तल व फेडरेशन के राष्ट्रीय कोच अश्विनी कुमार की देखरेख में हंसराज इस प्रशिक्षण शिविर में भाग ले रहा है। बता दें कि हंसराज खो-खो की अनेक राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं में हिमाचल टीम के कैप्टन के तौर पर भी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

वर्ष 2012 में हंसराज ने पहली बार राज्य स्तरीय मुकाबलों में मंडी टीम का प्रतिनिधित्व किया। उस समय वह महज आठवीं कक्षा का छात्र था। वर्ष 2017 में उन्होंने जबलपुर मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय खेलों में हिमाचल टीम का प्रतिनिधित्व किया।

वर्ष 2018 में हंसराज ने राजस्थान में आयोजित राष्ट्रीय खो-खो खेलों में हिमाचल खो खो टीम का प्रतिनिधित्व किया था। वर्ष 2022 में मध्य प्रदेश के जबलपुर में खो खो सीनियर नेशनल खेलों में हिमाचली टीम का नेतृत्व किया। वर्ष 2023 में दिल्ली में आयोजित खो खो सीनियर नेशनल खेलों में भी हंसराज को हिमाचल टीम का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है ।

Please Read and Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *