SARAS MK II :– भारत के विमानन क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। राष्ट्रीय एयरोस्पेस प्रयोगशाला (NAL) ने स्वदेशी 19-सीटर SARAS MK-II विमान का डिजाइन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। अब संस्था इसके प्रोटोटाइप (Prototype) के निर्माण की तैयारी में जुट गई है।
SARAS MK-II को पूरी तरह भारत में विकसित किया जा रहा है। यह हल्का बहुउद्देश्यीय विमान क्षेत्रीय हवाई संपर्क, यात्री परिवहन, चिकित्सा आपातकालीन सेवाओं, कार्गो परिवहन और विशेष मिशनों में उपयोग के लिए तैयार किया जा रहा है।
Uttarakhand News :- उत्तराखंड बना भारत का छठा पूर्ण साक्षर राज्य, शिक्षा के क्षेत्र में हासिल की बड़ी उपलब्धि
विशेषज्ञों के अनुसार, यह विमान क्षेत्रीय संपर्क योजना (UDAN) को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकता है। छोटे शहरों और दूरदराज़ के इलाकों के बीच हवाई संपर्क बढ़ाने के साथ-साथ यह विमान घरेलू विमान निर्माण उद्योग को भी नई मजबूती देगा।
NAL का लक्ष्य प्रोटोटाइप तैयार होने के बाद व्यापक परीक्षण करना है। सभी आवश्यक तकनीकी और सुरक्षा परीक्षण सफल रहने पर विमान के व्यावसायिक उत्पादन और परिचालन की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा।
SARAS MK-II परियोजना को भारत की ‘आत्मनिर्भर भारत’ और स्वदेशी एयरोस्पेस क्षमता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे विमान निर्माण क्षेत्र में आयात पर निर्भरता कम करने और घरेलू तकनीक को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।