2024 में भारतीय शेयर बाजार ने दिखाया ऐतिहासिक प्रदर्शन, एनएसई का बाजार पूंजीकरण 21% बढ़ा

“2024 में भारतीय शेयर बाजार ने जोरदार प्रदर्शन किया। एनएसई का मार्केट कैप 21% बढ़कर 438.9 लाख करोड़ रुपये पहुंचा। 301 कंपनियां लिस्ट हुईं, जिनमें 90 मेनबोर्ड और 178 एसएमई कंपनियां शामिल हैं।”

भारतीय शेयर बाजार के लिए 2024 एक ऐतिहासिक साल साबित हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का बाजार पूंजीकरण 31 दिसंबर, 2024 तक 21 प्रतिशत बढ़कर 438.9 लाख करोड़ रुपये (5.13 ट्रिलियन डॉलर) हो गया, जो 2023 में 361.05 लाख करोड़ रुपये (4.34 ट्रिलियन डॉलर) था।

एनएसई के अनुसार, 2024 में कुल 301 कंपनियां लिस्ट हुईं, जिनमें से 90 मेनबोर्ड और 178 एसएमई कंपनियां हैं। इसके अलावा, 33 कंपनियों ने डायरेक्ट लिस्टिंग की। इस साल 90 मेनबोर्ड कंपनियों ने 1.59 लाख करोड़ रुपये जुटाए, जिनमें औसतन आईपीओ का साइज 1,772 करोड़ रुपये था। इस साल सबसे बड़ा आईपीओ हुंडई मोटर इंडिया का था, जिसका साइज 27,859 करोड़ रुपये था, जबकि सबसे छोटा आईपीओ 72 करोड़ रुपये का विभोर स्टील ट्यूब का था।

एसएमई सेक्टर में, 178 कंपनियों ने कुल 7,348 करोड़ रुपये जुटाए, जिनका औसत आईपीओ साइज 41 करोड़ रुपये था। इस साल का सबसे बड़ा एसएमई आईपीओ दानिश पावर का था, जिसकी वैल्यू 198 करोड़ रुपये थी। 2024 में निफ्टी-50 ने 8.8 प्रतिशत का सालाना रिटर्न दिया और 31 दिसंबर, 2024 को इसकी वैल्यू 23,645 थी, जो 2023 में 21,731 थी।

एनएसई के अन्य सूचकांकों में निफ्टी नेक्स्ट 50 ने 27.4 प्रतिशत का रिटर्न दिया, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 50 और निफ्टी मिडकैप 50 ने क्रमशः 25.3 प्रतिशत और 21.5 प्रतिशत का रिटर्न दिया। एनएसई का मार्केट कैप टू जीडीपी रेश्यो 145 प्रतिशत था, जो पिछले साल 117 प्रतिशत था, जो 29 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।

Please Read and Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *