Greater Noida Child Death :- ग्रेटर नोएडा की कलाधाम सोसायटी में दर्दनाक हादसे में 6 वर्षीय अभ्यान की 15 फीट गहरे खुले गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। बताया गया कि सोसायटी परिसर में बोरिंग के लिए गहरा गड्ढा खोदा गया था, जिसमें बारिश का पानी भर गया था। खेलते समय बच्चा उसमें गिर गया और उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। बच्चे को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद सोसायटी में शोक और आक्रोश का माहौल है।
परिजनों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और संबंधित एजेंसी पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गड्ढे के आसपास न तो सुरक्षा बैरिकेड लगाए गए थे और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।